हालांकि एनिमल राहत के बहुत से अभियान काम करने वाले और घरेलू पालतू पशुओं के लिए होता है, लेकिन यह टीम वन्य पशुओं की भी मदद करती है। इसमें कभी किसी साही, भेड़िए, पैंगोलिन या किसी और वन्य पशु को गहरे कुएं में फंसे होने पर बचाना शामिल हो सकता है, तो कभी डरे हुए गांववालों से खतरे में पड़े मगरमच्छ या सांप को सुरक्षित जगह पर ले जाना। कभी किसी घायल पक्षी को आपातकालीन इलाज देना पड़ता है, और कभी बिजली की तारों से झुलसे या अवैध रूप से बंदी बनाए गए बंदरों को बचाना पड़ता है।






