जनवरी 2016 में खुली सांगली की 10-एकड़ की सैंक्चुरी में एक सर्जिकल सुविधा, रसोई, कक्षा, रेत के बिस्तर, स्वयं को साफ़ करने के खंभे, छाया देने वाले शेड और निवासियों के आराम करने, दौड़ने और साथ खेलने के लिए भरपूर जगह है। यहां एक तालाब भी है जिसमें वे गर्मी से राहत पाने के लिए या बस मस्ती के लिए छलांग लगाकर पानी में खेल सकते हैं।

कुत्ते, भैंसें, गायें, बैल, घोड़े, टट्टू, गधे और ऊँट सांगली सैंक्चुरी को अपना घर कहते हैं। ये सभी अलग-अलग परिस्थितियों से आए हैं — कुछ ने चीनी उद्योग में कठोर मेहनत झेली है या सर्कस में प्रदर्शन के लिए मजबूर किए गए थे, जबकि कुछ को अनाथ होने, छोड़े जाने या जानलेवा चोट लगने के बाद बचाया गया है।

सांगली सैंक्चुरी में स्थानीय स्कूलों के बच्चों के दौरे भी होते हैं, साथ ही पशु मालिकों और पशु चिकित्सकों के लिए कार्यशालाएं और डेमोंस्ट्रेशन भी आयोजित किए जाते हैं, जिनमें सही तरीके से पशुओं की देखभाल करने और बैलों की बिना दर्द वाली नसबंदी जैसी विधियों पर जानकारी दी जाती है — जिससे महाराष्ट्र में कई पशुओं की पीड़ा को कम किया जा सके।

यह सैंक्चुरी खास है क्योंकि यह 10 से ज़्यादा अलग-अलग प्रकार के पशुओं का घर है, जिनमें मुर्गे, चूहे और चुहिया भी शामिल हैं। इन सभी के लिए विशेष रूप से बनाए गए स्थानों में समृद्ध वातावरण है, और मुर्गे तो सैंक्चुरी के आंगन में रहने वाले कुत्तों और देखभाल करने वाले स्टाफ के साथ घूमना भी पसंद करते हैं!